थोड़ा ही चले थे साथ-साथ
शेष प्यार में चले,
थोड़ा ही रहे थे साथ-साथ
शेष प्यार में रहे।
थोड़ा मिले थे साथ-साथ
शेष मीलों अकेले चले,
थोड़ा गाये थे साथ-साथ
शेष मन ही मन गुनगुनाये।
थोड़ी हुई थी भेंट
शेष अलग-अलग चले थे,
थोड़ा बैठे थे साथ-साथ
शेष दूर-दूर रहे थे।
*** महेश रौतेला