प्रेम बहुत ही आसान है-
बेहद सुविधाजनक।
तुम किसी को खुलेआम
सब बता कर प्रेम कर सकते हो।
या ताउम्र चुप्पी बना कर
प्रेम कर लो।
तुम चाहो,
किसी की हाँ-होने के बाद
करो प्रेम।
और
ना होने पर भी
तुम्हें कोई रोक नहीं सकता प्रेम से।
तुम रुके हुए लोगों से प्रेम करो,
या
उनसे जो आगे बढ़ गए-
और अब नज़र नहीं आते।
तुम एक रोज़ के लिए
प्रेम में हो सकते हो-
साल-दो साल भी
या
एक सदी भर भी लगा सकते हो।