मेरे सपनों का संसार यही है ,
परिवार मेरा छोटा-सा
मेरी खुशियों का आधार यही है ,
संसार मेरा छोटा-सा
अपमान ना सहूँ किसी का ,
विनती है परम पिता से
कोमल बिस्तर तिरस्कार का ,
सुखकारक नहीं चिता से
मेरे जीवन का सार यही है ,
भावों का भार मेरा छोटा-सा
मेरे सपनों का संसार यही है ,
परिवार मेरा छोटा-सा
मैंने देखा-समझा-जाना ,
सुख थोड़ा , दुख ज्यादा है
मेरा दुख सारा मेरा है ,
मेरे सुख पर मेरा हक आधा है
मेरे आधे सुख पर
मेरेअपनों का अधिकार सही है ,
यह है विचार मेरा छोटा-सा
मेरे सपनों का संसार यही है ,
परिवार मेरा छोटा-सा
सुख सब को मिले बराबर ,
दुख के भी साथी सब हों
सबका हक हो धरती पर,
और सबका साझा नभ हो
देकर पाएँ प्यार सभी से ,
यह दुश्वार नहीं है,
एहसास है यह छोटा-सा
मेरे सपनों का संसार यही है ,
परिवार मेरा छोटा-सा