सीखना एक क्रिया है
*****************
सीखना एक जिजीविषा युक्त क्रिया है
एक छोटी मगर नुकीली कंकड़ी है
जो अपने भीतर
शांत होती जीवन झील को
तरंगित करने का दमख़म रखती है
अगर उसको उछाल कर फेंका जाए
सीधा झील के बीचों बीच
जहाँ ठहरा हुआ जल
जमने की फ़िराक में होता है
जब झील के शांत जल की सतह को
छूती है सीख की नुकीली कंकड़ी
तो उसमें उठती हैं जिजीविषा युक्त
वृत्ताकार अनेक लहरियाँ
जो पहले तो दिखती हैं बहुत छोटी
लेकिन उनमें होता है सघन अपनापा एक दूसरे से
वे जुड़ती जाती हैं लगातार एक दूसरे से
जब तक कि बना न लें
एक बृहद वृत्ताकार बड़ी लहर
फिर वह वृत्त झील के मध्य में नहीं रुकता
और न ही मध्य के थोड़े भी आगे -पीछे
वह वृत्ताकार लहर सीधी पहुँचती है
झील के किनारों पर
जहाँ छोटी-बड़ी मछलियाँ ढूँढती रहती हैं
भोजन अपनी पूरी जिजीविषा से
ओतप्रोत होकर
उन्हीं के लिए झील के अंतस से
धकेल कर लिए आता है
कुछ बिल्कुल नया ताज़ा
वही वृत्त
जो उठा था सीखने की एक नुकीली
कंकड़ी के माध्यम से
क्योंकि तरंग का काम शांत होना नहीं
तरंगित करना और होना होता है ।
कल्पना मनोरमा
1.7.2020