संबंध ...
जब से तुमसे संबंध विच्छेद हुआ
जब से नाता टूटा है तुमसे
सोचता हूं कि तुमसे जुड़ी सब चीजें
जो भी तुमसे संबंधित थीं
अलग कर दूं अपने से ,अपने आसपास से
पर कुछ अहसास, कुछ यादें
नहीं दूर जाती मुझसे
समझ नहीं आता कि कैसे अलग करूं
अपने ज़हन से उन सभी यादों को
कहां फैंकूं अपने भीतर लुके छुपे
वो सारे पल, वो सारी सुरभि और
कैसे खोलूं वो अतीत की सारी गाठें
अनुभव होता है कि
संबंध बनाना जितना कठिन है
उससे भी अधिक मुश्किल है
संबंध विच्छेद
क्योंकि यादें कहीं किसी कोने में
जुड़ी रहती हैं, बनी रहती हैं
सभी संबंधों की साक्षी बनकर
और अक्सर उभर आते हैं
सब बीते पल
मानस पटल पर
अतीत के चलचित्र बनकर ...
#संबंधित