जान, सुनो...
तुमसे अभी इसी क्षण कुछ बात करनी है मुझे...
तुम जानते हो ना, फूलों के पौधों से अधिक प्रिय हैं मुझे फूलों के पेड़।
और कुछ पेड़ ऐसे हैं, जिनसे मुझे अत्यंत प्रेम है। कभी ईश्वर ने साथ दिया, तो धरती के किसी छोटे-से हिस्से में प्यारा-सा घर होगा मेरा और चारों ओर मैं उन पेड़ों को लगाऊँगी।
मैं तुम्हारी इस बात से पूर्णतः सहमत हूँ कि मैं अत्यंत भावुक हूँ। एक अजीब-सी कोफ्त हो रही है। मेरे आँसू बह रहे हैं। ऐसा लग रहा है, जैसे मेरे सीने में कोई काँच है, जो चुभ रहा है। जीवन के होते हुए भी जीवन अब महसूस नहीं होता।
सुनो... तुम दिख रहे हो मुझे मेरे वजूद में, मेरी आत्मा में। बंद आँखों से बहते आँसुओं में तुम्हारी छवि मेरे गालों को चूमकर मेरे हृदय को भिगो रही है।
जीवन के प्रति मेरी आसक्ति ख़त्म हो चुकी है, मगर तुमसे जुड़ी ख़्वाहिशें आज भी हैं। तुम मेरे अंतिम समय में मेरे साथ रहना, मेरा हाथ थामे।
देखो... हाथ बढ़ा रही हूँ तुम्हारी ओर, जैसे अभी हाथ बढ़ा लिया तो तुम्हें पा लूँगी मैं। हँसी आती है मुझे कभी-कभी ख़ुद पर कि जिसे छू सकने का अधिकार नहीं, उसे पाने के ख़्वाब देखे थे मैंने। लेकिन सदैव यह भी स्पष्ट था मुझे कि तुम्हें पा लेना चाँद पाने जैसा है। मैं कितनी भी ऊँचाई पर खड़ी हो जाऊँ या अपना कद बढ़ा लूँ, उचककर चाँद को पाना असंभव है। है ना?
आप चाँद को निहार सकते हैं, उसे छू नहीं सकते। पाना तो महज़ एक ख़्वाब है।
अच्छा! सुनो, तुम भी कभी मेरे जीवन में साथी बनकर मत आना। संभवतः मैं इस असंभव घटना को बर्दाश्त न कर सकूँ। तुम्हारे कदम मेरे दिल की दहलीज़ पर रख लेना, लेकिन यदि उन्हें मेरी ज़िंदगी की दहलीज़ पर रख दिया, तो साँसें थम जाएँगी मेरी।
तुम्हें खोना स्वीकार कर लिया था मैंने। अब तुम किसी रिश्ते में बाँधकर मुझे स्वीकार करो, यह शायद मुझे स्वीकार न हो।
जानते हो... मेरे प्रेम की पराकाष्ठा क्या है?
मैंने सदैव ही मेरे प्रति तुम्हारे उपेक्षापूर्ण व्यवहार के बावजूद तुमसे ही प्रेम किया। प्रेम में इंसान का स्वयं पर नियंत्रण ही नहीं रहता।
तुम जानते हो ना, मैं बहुत अंतर्मुखी हूँ। जो भी कहना चाहती हूँ, मन ही मन कहकर स्वयं की भावनाओं को दबा लिया करती हूँ। लेकिन तुमसे मुझे प्रेम है, इस भावना को मैंने सदैव ही तुम्हारे समक्ष स्पष्ट रखा है।
मैं प्रेम करती हूँ तुमसे, अत्यंत प्रेम करती हूँ। मेरे निकट इसका कोई प्रमाण ही नहीं कि तुम्हें प्रेम की नाप-तौल करके बता सकूँ कि इतना प्रेम है या इतना। लेकिन यह ज़रूर कहूँगी कि तुम्हारे निकट ऐसा कोई नहीं होगा, जो तुम्हें मुझसे अधिक प्रेम कर सके।
प्रेम जब निस्वार्थ हो, जान, तो उसका भविष्य कितना ही अंधकारमय क्यों न हो, उसकी अपनी ही रोशनी प्रकाश फैलाया करती है।
तुम्हारे जीवन का वही प्रकाश हूँ मैं।
यदि विधि के विधान ने जीवन के किसी क्षण तुमसे यह प्रकाश छीन लिया, तो इतना याद रखना कि जिन पेड़ों की बात अभी की थी मैंने, उनमें सदैव मिलूँगी मैं। कभी गुड़हल की लालिमा में, तो कभी पारिजात की सफ़ेद चादर में।
जान, प्रेम अथाह हो, तो उसे मूर्त रूप की आवश्यकता नहीं होती। वह तो आत्मा से होता है।
तुम्हारी और सिर्फ़ तुम्हारी,
रूप