Hindi Quote in Thought by ANAMCARA

Thought quotes are very popular on BitesApp with millions of authors writing small inspirational quotes in Hindi daily and inspiring the readers, you can start writing today and fulfill your life of becoming the quotes writer or poem writer.

ज़िंदगी के दोनों सिरे

आज एक धागा सुलझाते-सुलझाते ज़िंदगी के बारे में कुछ समझ आया।

धागा काफ़ी बड़ा था। हाथ से छूटा और उलझ गया। जब उसे सुलझाने बैठी, तो लगा कि वह सुलझने के बजाय और उलझता जा रहा है। हैरानी की बात यह थी कि उसके दोनों सिरे मेरे हाथ में थे, फिर भी मैं उसे सुलझा नहीं पा रही थी।

उसे देखकर चिढ़ होने लगी। फिर मन में ख़याल आया—यह तो मेरी ज़िंदगी की तरह हो गया है। ज़रा-सा ध्यान हटा और उलझ गई।

ख़ुद पर थोड़ा व्यंग्य करते हुए सोचा, कमाल है! ज़िंदगी की तरह यह धागा भी उलझ गया। इसके दोनों सिरे मेरे हाथ में हैं, फिर भी इसे सुलझा नहीं पा रही हूँ।

फिर एक गहरी साँस ली और सब्र के साथ उसे सुलझाने बैठ गई।

क़रीब एक घंटे बाद धागा सुलझ चुका था। लेकिन उसे सुलझाने के लिए मुझे उसके दोनों सिरों पर बारी-बारी से काम करना पड़ा। जब तक मैं एक ही सिरे से उसे सुलझाने की कोशिश कर रही थी, वह सुलझने के बजाय और उलझता जा रहा था।

धागा सुलझा तो मन में एक ख़याल आया—शायद ज़िंदगी की उलझनों को भी ऐसे ही सुलझाना चाहिए।

किसी रिश्ते में उलझन हो, तो सिर्फ़ अपनी तरफ़ से सोचकर उसका हल निकालना हमेशा आसान नहीं होता। कभी दूसरे व्यक्ति की तरफ़ से भी उस रिश्ते को समझने की कोशिश करनी चाहिए।

और अगर किसी दूसरी बात को लेकर उलझन हो, तो क्या पता, जिस पहलू से हम अब तक उसे सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, उसके अलावा भी कोई रास्ता हो।

ज़रूरी नहीं कि हर उलझन का हल तुरंत मिल जाए। लेकिन कभी-कभी एक ही दिशा में लगातार कोशिश करते रहने के बजाय, दूसरी दिशा से कोशिश करना भी ज़रूरी होता है।

आज एक धागा सुलझाने में लगभग एक घंटा लगा। धागा तो सुलझ गया, लेकिन जाते-जाते एक बात सोचने के लिए दे गया—

हर उलझन को सुलझाने के लिए सिर्फ़ उसके सिरे पकड़ना काफ़ी नहीं, कभी यह समझना भी ज़रूरी होता है कि उसे किस सिरे से सुलझाया जाए।

☆अनामकारा

Hindi Thought by ANAMCARA : 112039820

The best sellers write on Matrubharti, do you?

Start Writing Now