सुनो,
हाँ मैं तुमसे ही कह रही हूँ.. सिर्फ तुमसे!
तुम, तुम्हारे लिए महज़ एक सामान्य इंसान हो,
मगर मेरे लिए खास हो तुम।
किसी मकान के लिए उसकी नींव जितनी ज़रूरी होती है,
किसी कुम्हार के लिए मिट्टी जितनी ज़रूरी होती है,
किसी किसान के लिए बारिश जितनी ज़रूरी होती है,
और इस शरीर के लिए प्राण जितने ज़रूरी हैं..
उतने ही मेरे लिए तुम ज़रूरी हो।
शायद ये आख़िरी बार मैं तुमको लफ़्ज़ों में ढाल सकूँ, शायद भावनाओं को फिर कोई ख़्याली रूप ना दे सकूँ..
तो आज ही तुमको बताना चाहती हूँ.. कि जब तुम मेरे सामने होते हो, तो केवल तुम ही नज़र आते हो मुझे, और सब-कुछ धुंधला हो जाता है।
तुम्हारा होना अब केवल तुम्हारा होना नहीं रहा।
तुम, तुम से मैं हो गए हो।
तुम जब मुझे देखते हो, तो केवल मुझे देखते हो, मगर मैं जब तुम्हें देखती हूँ, तो लगता है जैसे मेरा संसार मेरी आँखों के सामने खड़ा है।
तुम वो हो जिसे मैं कभी नज़रअंदाज़ नहीं कर पाती।
तुम वो हो जिसे मैं गौर से देख नहीं पाती।
मुझे नज़र मिला के बातें करना पसंद है।
मगर तुम पर नज़र उठा नहीं पाती।
तुम मेरी ज़िंदगी के वो इंसान हो जिसे मैं सुकून कहती हूँ।
हाँ! यह सच है कि तुम मेरे लिए महज़ मोहब्बत नहीं सुकून हो। तुम्हें देख के मुझे उतनी ही राहत मिलती है, जितनी किसी प्यासे इंसान को पानी के मिल जाने से मिलती है।
तुम्हारी आवाज़ अगर कहीं दूर से भी मेरे कानों में पहुँचे, तो तुम यकीन नहीं करोगे, मगर मैं बिल्कुल वैसा ही महसूस करती हूँ..
जैसा कोई परीक्षा देते समय घण्टी की आवाज़ से करता है।
हाँ, महज़ तुम्हारी आवाज़ से ही मेरी धड़कनें बढ़ जाती हैं।
जानते हो.. मैं तुमसे इतना उलझ चुकी हूँ, कि अब अगर सुलझने की कोशिश की तो टूट जाऊँगी।
हाँ! मैं जानती हूँ तुम मुझसे मोहब्बत नहीं करते, तुम वो महसूस नहीं करते, जो मैं तुम्हारे लिए महसूस करती हूँ।
हाँ! मैं तुम्हारी ज़िंदगी में कोई खास जगह नहीं रखती।
मगर...... मगर मैं तुम्हें दीवानों की तरह चाहती हूँ, और मेरी मोहब्बत में ये शर्त नहीं है कि तुम भी मुझे चाहो।
नहीं! तुम आज़ाद हो.. दूर आकाश में उड़ते पँछी की तरह।
जिसका मैं बाहें फैलाए स्वागत तो करती हूँ, मगर वो मेरे आँगन में घरौंदा नहीं बनाता।
सुनो,
बस इतना करना कि हमेशा अपना ख़्याल रखना, इस पँछी को मैं उड़ता हुआ ही देखना चाहती हूँ..
तुम मुझे मिलो या ना मिलो, मगर तुम मेरी पहली मोहब्बत हो।
सरल शब्दों में कहूँ तो तुम मेरा सुकून हो।
❤️❤️
#रूपकीबातें
#roopanjalisinghparmar #roop #roopkibaatein
Insta- Roop_ki_baatein