हमारे बाद सपने जिन्दा मिलेंगे
लम्बी बात करते हुए
प्यार की दास्तान पुरानी नहीं
नयी बनी रहेगी
जब कोई दोहरायेगा इसे।
कहता जायेगा
एक था शहीद
जिसने अथाह प्यार किया देश से,
परिवार से, पड़ोस से
दोस्त से, दोस्ती से।
कोई शहीद होता है प्यार के लिए
कोई जिन्दा रहता है
प्यार को कहने के लिए।
हो सकता है कोई न कह पाय
कोई सिसकता बोल दे,
कोई आँसुओं में ले आय
कोई गुरु गम्भीर हो
आकाश से उसे टटोल लाय।
अपने प्यार के लिये न आये हों आँसू
या आते-आते रूक गये हों,
लेकिन शहीद के लिए
झरते हैं आँसू महक लिये हुए।