मां, मैं चाहती हूँ तेरी किस्मत लिख पाऊं...
तो बता, अगली बार तू बेटी, मैं तेरी मां बन जाऊं?
ख्वाहिश जिसकी तू करे, मैं तुझको हर एक चीज़ दिलाऊं,
मेरी दी हुई आज़ादी से तू भी घूमे, तुझ पर ना मैं कोई बंदिशें लगाऊं।
तू भी घर देर से आना, सहेलियों संग खूब मौज उड़ाना,
फिर थक कर जब तू घर को आए, तुझे हाथों से मैं अपने खाना खिलाऊं।
तो बता मां, अगली बार तू बेटी, मैं तेरी मां बन जाऊं?
मैं भी तुझे अच्छे कॉलेज में पढ़ाऊं, पसंद की चीज़ें तुझको दिलाऊं,
जैसे तू लड़ती है ना मेरे लिए... वैसे मैं भी पूरी दुनिया से लड़ जाऊं।
चाहत बस इतनी है, जितना खूबसूरत जीवन तूने मुझे दिया है,
वैसा तुझको दे पाऊं...
तो बता मां, अगली बार तू बेटी, मैं तेरी मां बन जाऊं?