चराग़ों को बुझा कर अपने ख़ाली घर में तन्हा हूँ,
बड़ी रौनक़ है बस्ती में, मगर शहर में तन्हा हूँ।
किसी के सामने दस्त-ए-सवाल अपना नहीं खोला,
ख़ुदी का मान रक्खे अपनी ही डगर में तन्हा हूँ।
सँभाला था जिन्हें वो पार सारे लग गए आख़िर,
तमाशा ये हुआ कि मैं उसी भँवर में तन्हा हूँ।
दवा कोई मेरे ज़ख़्मों पे काम आई नहीं अब तक,
दुआएँ बे-असर हैं, दर्द के असर में तन्हा हूँ।
चला था हम-सफ़र बन कर मेरा साया भी कुछ दूरी,
अँधेरा क्या हुआ 'राजेश', इस सफ़र में तन्हा हूँ।