डिग्रियाँ समेट-बटोर के रख ली हैं...
"इतना पढ़ा-लिखा दिया तो अब हमारे सामने ही बोलने लगी है!"
हर बात में बात निकालनी है इसको,
सबकी आँखों में आँखें मिलाकर बातें करनी हैं...
ये ज़्यादा पढ़ -लिख गईं ना,
इसलिए अपने-आप को होशियार समझने लगी हैं!
आता कुछ है नहीं, बस बातें करनी आती हैं...
"ना पढ़ाते तो अच्छा रहता,
कम से कम थोड़ा शांत तो रहती!
अब इतनी डिग्री ले ली है तो,
ना जाने अपने-आप को क्या समझने लगी है..."
ये ज़्यादा पढ़ी-लिखी लड़कियाँ
अब हमारे सवालों का जवाब देने लगी हैं!
समाज के कुछ शख़्स दोगले हैं,
जो ऐसी बातें बनाते हैं...
लड़कियों को कठपुतली समझ,
तो खुद को कठपुतली कलाकार बताते हैं!
जब तक हाँ में हाँ मिलाई,
तब तक सब ठीक है...
पर एक बार जो कह दी 'ना',
तो तू ही बेवकूफ है!
कमाल है यह दोगलापन भी,
पता नहीं ऐसे कैसे कर जाते हैं...
समाज के ऐसे पढ़े-लिखे मर्द,
खुद को आईने में भला देख भी कैसे पाते हैं???