बहुत जरूरी है -
मित्रों-परिचितों को अपने घर बुलाना
कभी-कभी उनके घर जाना
बहुत जरूरी है ।
आना-जाना उन्हें बुलाना
सबको अच्छा लगता है
पर ... जिंदगी की भागमभाग में /
समय के अभाव में
न टिकना अच्छा लगता है /
न टिकाना अच्छा लगता है ।
समय बहुत थोड़ा है /
गति का यह घोड़ा है /
घड़ी भर में निकल जाएगा /
(इसलिए) समय की गति से
अपनी गति मिलाना
बहुत जरूरी है
कम्प्यूटर के इस युग में
आज नेट-सर्फिंग करना
सबको अच्छा लगता है
पर ...
नेट के प्रभाव में
विवेक के अभाव में
न सुनना अच्छा लगता है ,
न सुनाना अच्छा लगता है
जीवन बहुत छोटा है /
सबका सपना मोटा है /
अकेले पूरा कर पाना
कठिन है /असंभव है
(इसलिए) परस्पर मित्रता निभाना
बहुत जरूरी है
मित्रों के साथ गप्पे मारना
सबको अच्छा लगता है
पर ...
जीविका के तनाव में
धन के अभाव में
न मिलना अच्छा लगता है
न मिलाना अच्छा लगता है
आत्मा संत है (निर्विकार है) /
इच्छाएँ अनंत हैं /
कदम फिसल ना जाए कहीं /
(इसलिए) मन को लगाम लगाना
बहुत जरूरी है
दूसरों को उपदेश देना
सबको अच्छा लगता है
पर ... विज्ञापन के प्रभाव में
बाजार की चकाचौंध में
न किफ़ायत करना अच्छा लगता है
ना किफ़ायत कराना अच्छा लगता है
रिश्तो में तनाव है /
भावों का अभाव है /
भीड़-भरा मेला है /
फिर भी हर कोई अकेला है /
अकेला टूट ना जाए कोई /
(इसलिए) गैरों को भी अपना बनाना
बहुत जरूरी है
आत्मीयता का रिश्ता
सबको अच्छा लगता है
पर ...
न निभना अच्छा लगता है
न निभाना अच्छा लगता है
समय के अभाव में / जिंदगी की भागमभाग में
ना टिकना अच्छा लगता है / ना टिकाना अच्छा लगता है ।