अल्हड़ - सी… मैं अनमनी
अगर मैं ख़ुद पर कुछ लिखती,
तो लिखती—लाजवाब हूँ मैं…
ना किसी से कम, ना किसी से ज़्यादा,
बस अपनी ही एक किताब हूँ मैं।
कभी हल्की-सी मुस्कान हूँ,
कभी ख़ुद से ही सवाल हूँ मैं,
कभी ख़ामोशियों में सिमटी,
कभी शब्दों का बवाल हूँ मैं।
जो समझ पाए मुझे पूरी तरह,
शायद इतनी भी आसान नहीं हूँ मैं,
कुछ पन्ने खुले हुए हैं मेरे,
कुछ में ख़ुद से भी अनजान हूँ मैं।
अपनी ही धुन में चलती हूँ,
ना रुकी हूँ, ना थमी हूँ मैं,
गिरकर भी फिर सँभल जाती हूँ,
क्योंकि ख़ुद की ही कमी नहीं हूँ मैं।
दुनिया चाहे कहती रहे, राह चुनती हूँ मैं,
शोर से दूर रहकर, काम में रत रहती हूँ मैं।
मुझे काम से प्रेम है, उसी में ख़ुशियाँ पाती हूँ मैं,
दुनिया के हिसाब से चलूँ तो कहाँ ख़ुश रह पाती हूँ मैं।
हर बात को नज़रअंदाज़ कर, कर्म में रमती हूँ मैं,
जैसी हूँ, वैसी ही रहना चाहती हूँ, कभी नहीं बदलती हूँ मैं।
किसी की ख़ातिर स्वभाव बदलना मेरी फ़ितरत नहीं,
जिसे बदलना है, नज़रिया बदले—मैं किसी की आदत नहीं।
अगर ख़ुद को लिख पाती,
तो लिखती—एक ख़ूबसूरत एहसास हूँ मैं,
जो समझे, उसके लिए अपनापन,
जो न समझे, उसके लिए बस एक राज़ हूँ मैं।
जो मेरी ख़ामोशी पढ़ सके,
जो मेरी मुस्कान के पीछे का दर्द समझ सके,
जो बिना कहे मेरे मन की बात जान सके—
उन चुनिंदा लोगों के लिए
दिल के सबसे ख़ास अंदाज़ हूँ मैं।
और जो न समझ पाए मुझे,
जो अपनी सोच से मुझे आँकते रहें,
जो मेरे बारे में कुछ भी कहते रहें—
अब उनकी बातों से कहाँ उलझती हूँ मैं,
हर आवाज़ का जवाब देना
अपनी फ़ितरत नहीं समझती हूँ मैं।
क्योंकि अब अपनी ज़िंदगी
लोगों की राय से नहीं,
अपने मन की आवाज़ से जीती हूँ मैं।
जो सही लगे, वही करती हूँ,
जो दिल कहे, उसी राह पर चलती हूँ मैं।
किसी को पसंद आऊँ या नहीं,
अब इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता,
हर किसी की उम्मीदों पर खरा उतरना
मेरा कोई फ़र्ज़ नहीं बनता।
जो मेरे साथ सच्चे मन से चले,
उसके लिए दिल से ख़ास हूँ मैं,
जो मेरे मौन को भी समझ ले,
उसके लिए एक ख़ूबसूरत एहसास हूँ मैं।
और जो मुझे समझना ही न चाहे,
उसके लिए न कोई शिकायत है, न सवाल—
बस ख़ामोशी से उसकी दुनिया से
नज़रअंदाज़ होकर निकल जाती हूँ मैं।
ना सफ़ाई देने का शौक़ है,
ना ख़ुद को साबित करने की चाह,
मैं जैसी हूँ, वैसी ही मुकम्मल हूँ—
यही है मेरी सबसे बड़ी पहचान।
अगर मैं ख़ुद पर कुछ लिखती,
तो बस इतना लिखती—
जो मुझे समझे, उसके लिए खुली किताब हूँ मैं,
जो दिल से पढ़े, उसके लिए ख़ास हूँ मैं,
जो न पढ़ पाए, उसके लिए नज़रअंदाज़ हूँ मैं…
और सबसे बढ़कर—
किसी के हिसाब से नहीं,
अपने मन की दुनिया में जीती
अपनी ही एक ख़ूबसूरत किताब हूँ मैं