नहीं भुलाना ...
जब भी सहमे ये मन तुम्हारा
तब तुम मुझे पास बुलाना
याद रखना सब नेह हमारा
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
जब भी थके ये पग तुम्हारे
तब तुम मेरा हाथ थामना
याद रखना सब साथ हमारा
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
जब भी तड़पे ये हृदय तुम्हारा
तब तुम मुझे गले लगाना
याद रखना सब मिलन हमारा
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
जब भी भ्रमित हो मति तुम्हारी
तब अपनी सब बात बताना
याद रखना सब ज्योत हमारी
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
जब भी बोझिल हों सांस तुम्हारी
तब खुले में संग मेरे तुम आना
याद रखना वो सब खेल खिलौने
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
जब भी खो जाए नींद तुम्हारी
तब गोद में तुम मेरी आ जाना
याद रखना वो मिश्री सी लोरी
नहीं मुझे तुम कभी भुलाना
:- भुवन पांडे
#भुलाना