एक गीत सादर प्रस्तुत है ।

लाल किले पर खड़ा तिरंगा....

लाल किले पर खड़ा तिरंगा,
बड़े शान से लहराता।
आजादी की गौरव गाथा,
स्वयं देश को बतलाता।

त्याग और बलिदान कहानी ,
जन-जन तक है पहुँचाता।

गांधी जी का सत्याग्रह हो,
चन्द्रशेखर का शंखनाद।
भगत सिंह का फाँसी चढ़ना ,
नेता जी का क्रांतिनाद।

अहिंसावाद क्रांतिवाद का ,
फर्क नहीं कुछ बतलाता ।

सावरकर की अंडमान का ,
चित्र उभरकर छा जाता।
विस्मिल तिलक खुशीराम का ,
पन्ना पुनः पलट जाता ।

सबने मिलकर लड़ी लड़ाई,
गौरव गाथा कह जाता।

कितने वीर सपूतों ने हँस,
फाँसी का फंदा झूला ।
कितनों ने खाईं हैं गोली ,
ना उपकारों को भूला ।

अमर रहे बलिदान सभी का,
इसका मतलब समझाता ।

सबसे ऊपर केसरिया रंग ,
बलिदानी गाथा लिखता।
बीच श्वेत रंग लिए हुए वह,
शांतिवाद जग को कहता।

हरा रंग वह हरितक्राँति को,
पावन सुखद बना जाता ।

कीर्ति चक्र को बीच उकेरा,
प्रगतिवाद का है दर्शन।
उन्नति और विकास दिशा में ,
हित सबका है संवर्धन।

तीन रंग से सजा तिरंगा,
यह संदेश सुना जाता।

अमरित पर्व महोत्सव आया,
घर घर झंडे लहराना ।
सबको आजादी का मतलब ,
प्रेम भाव से समझाना ।

छोड़ सभी सत्ता का लालच,
कर्तव्यों को बतलाता ।

मनोजकुमार शुक्ल " मनोज "

Hindi Song by Manoj kumar shukla : 111825800

The best sellers write on Matrubharti, do you?

Start Writing Now