May there be happiness everywhere in the New Year in Hindi Motivational Stories by Dr Yogendra Kumar Pandey books and stories PDF | नये साल में हर तरफ खुशियों की बाहर हो

Featured Books
Categories
Share

नये साल में हर तरफ खुशियों की बाहर हो


    आज आंग्ल नववर्ष का प्रथम दिवस है। कैलेंडर में पूरे एक साल की तारीख बदलना और नये वर्ष का आना स्वयं में महत्वपूर्ण तो है ही। हिंदू कैलेंडर और देश में प्रचलित अन्य भारतीय कैलैंडरों के अनुसार नव वर्ष की पहली तारीख अलग-अलग हो सकती है किंतु किसी भी कैलेंडर के महत्व को खारिज नहीं किया जा सकता है। अपने-अपने दृष्टिकोण से सभी पंचांगों और कैलेंडरों का महत्व है। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन से विक्रम संवत की शुरु‌आत होती है। वर्तमान में विक्रम संवत 2082 जारी है तो आज 01 जनवरी से ईसवी सन 2026 का प्रारंभ है।

    तो आइए, इस वर्ष 2026 का स्वागत करें। अंतर्राष्ट्रीय कैलेंडर के इस पहले दिन बहुत सी चीजें बदलती हैं जो हमारे रोजमर्रा के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होती हैं। सरकारी कार्यालयों का वित्त वर्ष अप्रैल से शुरू होता है तो कैलेंडर ईयर जनवरी से। वित्तीय गणनाओं, योजनाओं से लेकर जीवन और परिवार के लक्ष्य तय करने और उसे कार्यान्वित करने में यह 2026 एक सीमा चिह्न की तरह कार्य करेगा।

        वर्ष 2025 में अनेक महत्वपूर्ण घटनाएँ हुई हैं। 07 मई 2015 की रात भारत ने पाकिस्तान के नौ आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया, जिसने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंक‌वादि‌यों के बर्बर हमले का सफल बदला लिया। भारत के प्रधानमंत्री की किसी भी आतंकवादी कृत्य को युद्ध समान गतिविधि मानने की घोषणा महत्वपूर्ण है। एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में इससे भारत की प्रतिष्ठा और बढ़ती है। 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयाग में चले महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया। यह विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। भारत ने हरमनप्रीत कौर की सफल कप्तानी में महिला आईसीसी वनडे विश्वकप क्रिकेट की ट्रॉफी जीती। 22 सितंबर से 5 और 18 प्रतिशत की दो जीएसटी दरें, दैनिक जीवन की आवश्यकता की वस्तुओं, सामान्य वस्तुओं और सेवाओं हेतु तथा 40% विलासिता की वस्तुओं हेतु लागू हुईं। आवश्यक वस्तुओं और बुनियादी सेवाओं को टैक्स से मुक्त रखा गया है।

      बिहार में 25 जून से मतदाता एसआईआर सर्वे की शुरु‌आत हुई, जिसे बाद में 9 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों तक बढ़ाया गया। यह विशेष गहन पुनरीक्षण वास्तविक मतदाताओं की पह‌चान के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा कर भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री बने।दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई। भारत ने एशिया कप क्रिकेट का फाइनल जीता। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद श्री नीतीश कुमार 10 वीं बार मुख्यमंत्री बने। भारत; अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद लगभग 376 लाख करोड़ रुपये की जीडीपी के साथ विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना और जापान से आगे निकल गया।

    हमारे भारत को वर्ष 2026 में भी अनेक नयी उपलब्धियां पानी हैं और देश के करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में वांछित सुधार का अपना भगीरथ प्रयत्न जारी रखना है। विकसित भारत 2047 का संकल्प इसमें अत्यंत प्रेरक भूमिका निभाएगा।

सभी पाठकों को नव वर्ष 2026 हेतु इन मौलिक पंक्तियों के साथ हार्दिक शुभकामनाएँ : 一

न कोई ग़म, न कोई आँसू ,कहीं नज़र में हो,

नये साल में हर तरफ खुशियों की बहार हो।

डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय