हमारा घर
अचानक ही वह बिगड़ गयी
जाओ, मैं अब नहीं खेलती
उसका मतलब था - मेरे साथ
तीन दोपहर में बनाए उस घर को
उसने लात मार कर तोड़ दिया
और
तुनक कर घर चली गयी - अपने घर
मैं वहीं खड़ा देखता रहा - हमारा घर
जो अब टूट चुका था।
सब सामान अब भी वहीं पर था
जो उसे घर को दोबारा बनाने के लिए चाहिए था
बनाया भी मैंने ही था - उसके कहने से
बिलकुल साफ़ साफ़ याद भी था - उसका कहा
लेकिन दोबारा बना नहीं सका
क्योंकि मेरे पास मैं तो था
पर हम नहीं
और बनना तो हमारा घर था।